January 16, 2026

MP : डीजे पर डांस में जूते से उड़ी मिट्‌टी खाने की प्लेट में गिरी; जमकर चले लात घूंसे

Share on :

ग्वालियर। डीजे पर डांस कर रहे युवक के जूते से उड़ी मिट्‌टी पास ही खाना खा रहे युवक की प्लेट में जा गिरी। इसके बाद डीजे पर डांस नहीं लात-घूंसे चले हैं। मैरिज एनिवर्सरी पार्टी में कुछ ही पल में हंगामा मच गया। घटना शुक्रवार रात कोठारी मार्केट के पास मुरार की है। घायल युवक मुरार थाना पहुंचा है। पुलिस ने चार युवकों पर मारपीट का मामला दर्ज किया है।

मुरार के सूरी नगर निवासी 21 वर्षीय सौरभ सिंह पुत्र बृजराज सिंह परमार के मौसा वीरू चौहान की शुक्रवार को मैरिज एनिवर्सरी थी। मैरिज एनिवर्सरी पर एक कार्यक्रम रखा था। इसमें शामिल होने के लिए सौरभ मुरार मॉडल स्कूल के सामने कोठारी मार्केट वाली गली में आया था। रात 10 बजे वह डीजे पर तमंचे पर डिस्को गाने पर अपने चचेरे भाई छत्रपाल सिंह के साथ डांस कर रहा था। डांस करते समय उसके जूते से मिट्‌टी उड़ी और पास ही खाना खा रहे आयुष गुर्जर की खाने की प्लेट में जा गिरी। इस पर आयुष नाराज हुआ और गालियां देने लगा। तभी आयुष के साथी संदीप गुर्जर, हरिओम गुर्जर व गिर्राज गुर्जर वहां आ गए। इन्होंने डीजे पर सौरभ को लात घूंसों से मारना शुरू कर दिया। बेल्ट से पीटने लगे। सौरभ को बचाने आए मौसा वीरू चौहान को भी इन बदमाशों ने पीटा।

रास्ते में भी पीटा

जब सौरभ पार्टी से निकलकर थाने जा रहा था तो गली में आयुष के साथी कौशल गुर्जर ने घेर लिया। उसने भी उसे पीटा और ईंट सिर में मार दी। एक महिला ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसको धक्का दे दिया। जिससे महिला भी गिरकर घायल हो गई है। घटना की शिकायत सौरभ ने मुरार थाना में की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *